रांची।झारखंड की खनन सचिव आईएएस पूजा सिंघल की मनरेगा घोटाले में गिरफ्तारी हो गई हैं।बुधवार शाम ईडी ने पूजा सिंघल की गिरफ्तारी करने के बाद कोर्ट में पेश किया।गिरफ्तारी से पहले ईडी दफ्तर में पूजा सिंघल की मेडिकल जांच हुई।ईडी की अभी तक की जांच में पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा को प्रथम दृष्टया मनी लाउंड्रिंग मामले में संलिप्त पाया गया है। कोर्ट ने ईडी को पूजा सिंघल को पांच दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की इजाजत दे दी है।आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।ईडी पूजा सिंघल को गुरुवार की सुबह अपने कब्जे में लेकर पूछताछ करेगी।





आपको बतादें कि इससे पहले ईडी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूजा सिंघल और पति अभिषेक झा के विदेश जाने पर रोक संबंधी पत्र भी सीबीआई को भेजा था। इसमें लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की मांग की गई थी। ईडी ने पूजा सिंघल और उनके पति के करीबी सीए सुमन कुमार की ओर से पूछताछ के दौरान दिए गए बयानों को आधार मानते हुए मनी लाउंड्रिंग मामले में शामिल माना है।





ईडी अधिकारियों के मुताबिक अनुसंधान काफी गंभीर पड़ाव पर है।ऐसे में इसे टालने के लिए पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा विदेश भी जा सकते थे। ईडी ने सीबीआई से पत्राचार किया कि दोनों का भारत में रहना जरूरी है। सीबीआई से मांग की गई है कि दोनों के खिलाफ एलओसी जारी की जाए,ताकि दोनों विदेश न जा सके। एलओसी जारी होने पर दोनों की पूरी जानकारी सारे एयरपोर्ट पर होगी,ताकि देश से बाहर जाने से इनको रोका जा सके,लेकिन इससे पहले ही ईडी ने पूजा सिंघल को गिरफ्तार कर लिया।





गिरफ्तारी से पहले ईडी ने लगातार दूसरे दिन पूजा सिंघल से पूछताछ की। बुधवार सुबह 10.40 बजे ही पूजा ईडी दफ्तर पहुंची थीं। लगातार तीन दिनों तक पूछताछ का सामना करने वाले पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा शाम 4.30 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे थे।





मिली जानकारी के अनुसार ईडी के अधिकारियों ने पूजा सिंघल से पल्स सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पीटल के निर्माण में आए खर्च, ठेकेदार, बिल्डर, इंटीरियर डिजाइन, मशीनों पर हुए खर्च से लेकर बाउंड्री के निर्माण, खिड़की-दरवाजों का काम करने वाले लोगों पर हुए खर्च का पूरा ब्यौरा पूजा सिंघल से मांगा था,लेकिन पूजा सिंघल जांच में पूरी तरह ईडी को सहयोग नहीं कर रही थीं।





ईडी सूत्रों के अनुसार पूजा सिंघल से पल्स हॉस्पीटल निर्माण में मनी लाउंड्रिंग के पैसों के इस्तेमाल के पहलूओं पर भी पूछताछ हुई। पल्स हॉस्पीटल के निर्माण के लिए जमीन की खरीद से लेकर तमाम खर्चों पर 20 से अधिक सवाल ईडी ने पूछे।ईडी ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी भी की।सवाल- जबाव की टाइपिंग कर दस्तावेज तैयार किए गए।इस दस्तावेज में भी पूजा सिंघल के हस्ताक्षर लिए गए हैं।





पूजा सिंघल मामले में ईडी की टीम ने बुधवार को कोलकाता में अभिजीत सेन के ठिकानों पर छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार कंस्ट्रक्शन और इंटीरियर डिजाइनिंग के कारोबारी अभिजीत ने झारखंड के कई ब्यूरोक्रेट्स के पैसों का निवेश किया है।अभिजीत की तलाश भी ईडी को थी,लेकिन बुधवार को अभिजीत नहीं मिला।ईडी की पांच टीम ने कोलकाता में सेन के जोधपुर पार्क स्थित आवास समेत अन्य जगहों पर छापेमारी की। ईडी के अधिकारियों के अनुसार पूजा सिंघल से जुड़े मनी लाउंड्रिंग केस की जांच में आए तथ्यों के आधार पर ईडी ने कार्रवाई की है। बताया जाता है कि छापेमारी के दौरान भी कई सबूत मिलने के बाद ही ईडी ने पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया।