रांची।झारखंड की निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल से मनी लांड्रिंग मामले में ईडी की

लगातार पूछताछ जारी है।ईडी के अधिकारियों ने गिरफ्तारी के बाद पूजा सिंघल को रिमांड पर लिया है और पिछले कुछ दिनों से उनसे पूछताछ की जा रही है। रविवार को न सिर्फ पूजा सिंघल से पूछताछ की गयी, बल्कि उनके पति अभिषेक झा, ससुर कामेश्वर झा से भी पूछताछ की गयी।जेएमएम के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल भी ईडी ऑफिस पहुंचे।इनसे पूछताछ की गयी। पूजा सिंघल और सीए सुमन सिंह से ईडी ऑफिस में इनके परिजनों ने मुलाकात की।





पूजा सिंघल के ससुर से भी ईडी ने की पूछताछ





आईएएस पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा से लगातार पूछताछ की जा रही है।इतना ही नहीं बिहार से अभिषेक झा के पिता कामेश्वर झा को भी ईडी ने तलब किया था।कामेश्वर झा राजधानी रांची के ईडी ऑफिस पहुंचे और कई घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा गया।





पूजा सिंघल व सीए सुमन सिंह से मिले परिजन





पूजा सिंघल से उनके पति अभिषेक झा और बेटा-बेटी ने रविवार को मुलाकात की।सीए सुमन सिंह से उनके भैया-भाभी और परिवार के लोगों ने मुलाकात की।





गिरफ्तारी के बाद सरकार ने किया था सस्पेंड





आईएएस पूजा सिंघल को हेमंत सोरेन सरकार ने 12 मई को सस्पेंड कर दिया था।ईडी ने पूजा सिंघल को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 11 मई को गिरफ्तार किया था।ईडी द्वारा गिरफ्तार की जानेवाली पूजा सिंघल झारखंड की पहली आईएएस अधिकारी हैं।गिरफ्तारी की वजह उनके द्वारा आइसीआइसीआई के खाते में जमा लगभग एक करोड़ रुपये की राशि का हिसाब देने में असमर्थ होना है। फिलहाल पूजा सिंघल ईडी की रिमांड पर हैं।