रांची।मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और गृह विभाग के सचिव राजीव अरुण एक्का के बहनोई निशिथ केसरी और करीबी बिल्डर विशाल चौधरी के ठिकानों पर मंगलवार को प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। सत्ता के करीब अनिल झा के घर भी छापेमारी कर मोबाइल जब्त किया गया।ईडी की ये कार्रवाई आईएएस पूजा सिंघल से जुड़े मामले में हुई है।ईडी ने देर शाम विशाल चौधरी को हिरासत में भी ले लिया। ईडी के मुताबिक छापेमारी के दौरान कोई बड़ी रकम तो नहीं मिली पर निवेश से जुड़े कागजात, भारी मात्रा में पैसों के ट्रांजेक्शन से जुड़े सबूत और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं।
सुबह आठ बजे से शुरू हुई छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार सुबह आठ बजे ईडी ने एक साथ आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी करने गई टीम ने सभी संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे। छापेमारी के दौरान विशाल केसरी ने अपना मोबाइल फोन अपने घर के बाहर की कचड़े में फेंक दिया था, ताकि फोन से कोई साक्ष्य नहीं मिल पाए,लेकिन दो घंटे की खोजबीन के बाद आई फोन मोबाइल को कचड़े से बरामद किया गया। वहीं विनायका ग्रुप के दफ्तर के बाद भी कई कागजात फेंक दिए गए थे।
कैसे पूजा सिंघल से जुड़े मामले के तार
पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के बाद शेल कंपनियों के जरिए मनी लाउंड्रिंग के साक्ष्य ईडी को मिले थे। ईडी ने इससे संबंधित हलफनामा भी कोर्ट में दिया था। जिसमें बताया गया था कि सत्ता के उच्च पदस्थ लोगों की भूमिका मनी लाउंड्रिंग में सामने आयी है। शेल कंपनियों के जरिए रियल स्टेट में करोड़ों के निवेश संबंधी जानकारी ईडी को मिली थी। जिसके बाद ईडी ने पेशे से बिल्डर निशिथ केसरी व विशाल चौधरी के ठिकानों पर दबिश दी। रांची में निशिथ कई बड़े रियल स्टेट प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। ओक फॉरेस्ट में भी कई आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने खरीद की है।
करोड़ों के लेन देन से जुड़े साक्ष्य मिले
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान करोड़ों के लेन देन से जुड़े साक्ष्य मिले है। ईडी की टीम ने छापेमारी के दौरान नोट गिनने की मशीन विशाल चौधरी के घर मंगवायी थी, लेकिन ईडी अधिकारियों के मुताबिक मौके से कम मात्रा में कैश मिले हैं।
जांच में कर रहे सहयोग
निशिथ केसरी के भाई पारितोष केसरी ने छापेमारी के बाद ओक फॉरेस्ट में मीडिया से बात करते हुए कहा कि इडी की टीम उनके कार्यालय में आयी थी। जांच के दौरान उन्हे जो कागजात चाहिए थे, मुहैया कराया गया। पारितोष ने कहा कि जांच में ईडी को पूरे दिन सहयोग किया गया, आगे भी ईडी को जो जरूरत होगी मुहैया कराया जाएगा।





