रांची। प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंकज मिश्रा पर केस दर्ज कर लिया है। पंकज मिश्रा पर साहिबगंज जिले के बरहरवा थाने में वर्ष 2020 में एफआईआर दर्ज हुई थी और इसी के तहत पंकज मिश्रा को अभियुक्त बनाया गया है।इस मामले में ईडी ने शंभु नंद कुमार का बयान भी दर्ज कर लिया है।शंभु ने ईडी को दिए अपने बयान में राज्य के कैबिनेट मंत्री आलमगीर आलम का नाम लिया है।
शंभु का मोबाइल जब्त, होगी फॉरेंसिक जांच
ईडी ने शंभु के मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है, जिस पर उसे टेंडर प्रक्रिया से बाहर चले जाने के लिए कहा गया था।ईडी द्वारा शंभु के फ़ोन को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जायेगा।शंभु ने ईडी को अपना बयान दर्ज कराने के साथ ही कुछ सीडी सौंपी है।बताया जा रहा है कि इस सीडी में 19 से 22 जून 2020 को हुई सीसीटीवी फुटेज से संबंधित डाटा हैं।
ईडी ने बरहरवा केस किया टेकओवर
साहिबगंज जिले के बरहरवा में जून 2020 के टेंडर विवाद में एक केस दर्ज किया गया था।जिसे ईडी ने टेकओवर कर लिया है।बरहरवा का यह केस शंभु नंदन कुमार उर्फ शंभु भगत ने दर्ज कराया था।शंभु नंदन ने टेंडर विवाद के मामले में बरहरवा थाने में मंत्री आलमगीर आलम और पंकज मिश्रा के इशारे पर मारपीट करने की एफआईआर दर्ज करायी थी,लेकिन दोनों ही आरोपियों को साहिबगंज पुलिस ने क्लीन चिट दे दी थी।
शंभु नंदन ने ईडी को बताया कि मंत्री आलमगीर आलम के भाई की कंपनी नगर पंचायत बरहरवा में वाहन प्रवेश शुल्क वसूली के टेंडर में शामिल थी।उक्त कंपनी ने एक डमी कंपनी खड़ी कराकर पांच करोड़ रुपए तक की बोली लगवा दी।बाद में पैसा जमा नहीं कराने पर दूसरी बोली 1.46 करोड़ में आलमगीर आलम की कंपनी ने ठेका ले लिया।शंभु ने यह भी बताया कि उन्हें इसकी भनक थी, इसलिए उन्होंने इस ठेके को 1.80 करोड़ में ले लिया। शंभु ने 22 अप्रैल को ईडी में आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया था कि कुछ संदिग्ध लोग पीछा कर रहे हैं।
ईडी ने प्रेम प्रकाश और उसकी पत्नी से मनी लाउंड्रिंग के मामले में शनिवार को भी पूछताछ की।मीडियाकर्मियों से बचने के लिए प्रेम प्रकाश और उसकी पत्नी दोनों अलग-अलग कार से ईडी के ऑफिस पहुंचे।प्रेम प्रकाश ने ईडी के अधिकारियों को शराब व्यापारियों और उनसे अपने व्यापारिक संबंधों की जानकारी दी, लेकिन इस व्यापार से हुए आर्थिक लाभ की जानकारी देने में आनाकानी करते रहे।ईडी ने प्रेम प्रकाश की पत्नी से प्रेम प्रकाश के काम-काज और उससे संबंधित लोगों की जानकारी मांगी।उन्होंने कई सवालों का जवाब ना में ही दिया।
संसदीय कार्य व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि मुझे अभी कुछ बोलना नहीं है। ईडी द्वारा केस टेकओवर करने की सूचना हमें नहीं है।अभी तक हमें कोई नोटिस भी नहीं मिली है।नोटिस आयेगी तो जवाब दिया जायेगा।





