प्रतिनिधि,जमशेदपुर। आजाद नगर थाना अंतर्गत रोड नंबर 13 जाकिर नगर निवासी मो. शब्बीर की इलाज के दौरान कोलकाता के अस्पताल में रविवार को मौत हो गई है।उसे शनिवार परिजन बेहतर इलाज के लिए टीएमएच से कोलकाता लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि मो. शब्बीर को आरोपियों ने चार गोलियां मारी थी,जिसमें से एक गोली उनके सीने में लगी थी।जबकि अन्य तीन गोली हाथ, पैर और जांघ में लगी थी।घटना के दिन से ही उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।घटना के बाद थाने में मो. शब्बीर के बयान पर ही कुल 9 नामजद समेत 3-4 अन्य पर मामला दर्ज किया गया था। जिसमें कांग्रेस नेता बबलु नौशाद, शहनवाज उर्फ छोटू बच्चा, मो. गुलरेज, मो. शादाब, मो. रिंकू, मो. दानिश, खट्टा सोनू, राजा, हाजी सद्दाम समेत अन्य शामिल हैं।
बताते चलें कि मो. शब्बीर कोयला टाल के पास कैरम खेल रहा था। जहां से शुक्रवार की रात्रि 10 बजे जैसे ही घर जाने के लिए बाहर निकला वैसे ही कुछ दूरी तीन बाइक पर सवार आरोपियों ने उसे घेरकर गोली चलानी शुरू कर दी। जिसमें शब्बीर को चार गोलियां लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी पाकर परिजन और उसके दोस्त मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच ले गए। जहां उसकी हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे लेकर शनिवार बेहतर इलाज के लिए कोलकाता लेकर चले गए। जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल मामले में पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।





