प्रतिनिधि,जमशेदपुर। विगत 19 अक्टूबर से लापता आजादनगर थाना अंतर्गत कुली रोड निवासी संजय सोरेन का शव गुरुवार को बड़ाबांकी स्थित डेमकाडीह तालाब में मिलने के बाद भी पुलिस द्वारा इस दिशा में किसी तरह की पहल नहीं किए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों का जनाक्रोश गुरुवार को भड़क गया। साथ ही लोगों ने शाम को थाने का घेराव भी कर दिया। इससे पहले एमजीएम और आजादनगर थाने की पुलिस एक-दूसरे का थाना क्षेत्र बताकर मामले को अनदेखी कर रहे थे।





मृतक के परिजनों ने बताया कि संजय 19 अक्टूबर को अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था और जिसके बाद उसकी स्कूटी गांव के तालाब के पास से बरामद किया गया था। वहीं अचानक 70 दिनों बाद उसका शव बरामद होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में लिखित शिकायत भी की है। मगर पुलिस का कहना है कि शव कई दिनों की है। जबकि थाना घेराव के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले की लिखित शिकायत घटना के बाद ही थाने में दी गई थी। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इस दिशा में किसी तरह की पहल नहीं की। अंततः गुरुवार को संजय का शव तालाब में कैसे पहुंचा, यह भी जांच का विषय है।