प्रतिनिधि,जमशेदपुर।आजादनगर थाना अंतर्गत कोयला टाल के पास शुक्रवार की रात्रि लगभग 10 बजे आजाद नगर रोड नंबर 13 जाकिर नगर निवासी मो. शब्बीर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने थाने में 9 नामजद समेत 3 से 4 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मो. शब्बीर के बयान पर कांग्रेस नेता बबलु नौशाद, शहनवाज उर्फ छोटू बच्चा, मो. गुलरेज, मो. शादाब, मो. रिंकू, मो. दानिश, खट्टा सोनू, राजा, हाजी सद्दाम के अलावा 3-4 अज्ञात को भी मामले में आरोपी बनाया है।





मामले में बताया जा रहा है कि मो. शब्बीर कोयला टाल के पास कैरम बोर्ड खेल रहा था। इस दौरान रात्रि 10 बजे वह घर जाने के लिए जैसे ही बाहर निकला कि तीन बाइक पर सवार आरोपियों ने उसे घेरकर गोली चलानी शुरू कर दी। घटना में उसे चार गोलियां भी लगी है। जिसके बाद उसे परिजन और दोस्त टीएमएच लेकर पहुंचे। जहां उसकी हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे लेकर कोलकाता स्थित अस्पताल चले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस का कहना है कि पूरा मामला पुराने विवाद को लेकर है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।