प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू निवासी युवती के साथ परसुडीह लोको कॉलोनी के रहने वाले विनायक दास ने शादी करने का झांसा देकर चार सालों तक यौन शोषण किया। वहीं जब उसकी वर्ष 2022 में आर्मी में नौकरी लग गई तो वह शादी करने से साफ मुकर गया।जबकि थाने में मामला दर्ज नहीं होने पर अंततः युवती कोर्ट की शरण में जाकर शिकायतवाद दर्ज कराया। जिसके बाद मामला बागबेड़ा थाने की पुलिस ने दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में युवती का कहना है कि वर्ष 2018 में दोनों फेसबुक पर एक-दूसरे से संपर्क में आए और फिर दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई। साथ ही दोनों एक-दूसरे के काफी करीब भी आ गए थे और एक-दूसरे के घरों में आना-जाना भी करने लगे। रिश्ते की बात भी चलने लगी थी।युवती का कहना है कि 21 नवंबर 2018 को उसका जन्मदिन था और उस दिन वह जादूगोड़ा स्थित रंकिनी मंदिर गई थी। इसकी जानकारी विनायक को भी थी। वहीं विनायक वहां पहुंचा और जबरन उसके मांग में सिंदूर डालकर कहा कि आज से दोनों पति और पत्नी हो गए हैं। जिसके बाद से विनायक युवती को अपनी पत्नी होने का हवाला देते हुए उसके घर पर आकर ही यौन शोषण करने लगा। इस दौरान विनायक ने युवती की मां से कहा कि वह जल्द ही सामाजिक स्तर पर शादी कर लेगा।
2020 तक विनायक कोई काम-धाम नहीं करता था। 2021 में उसने आर्मी में नौकरी के लिए तैयारी शुरू की और 2022 में उसकी नौकरी लग गई। वहीं युवती का कहना है कि नौकरी लगने के बाद विनायक अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। अगर वह उसके घर पर जाती है तो उसके घरवाले गाली-गलौज कर घर से बाहर निकाल देते हैं। फोन भी रिसिव नहीं करता है। आरोपी पक्ष के लोग भूल जाने की सलाह देते हैं। वहीं विनायक उसे धमकी देता है कि अगर तुम्हें रास्ते से भी हटा दूं तो मेरा कोई भी कुछ बिगाड़ नहीं सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





