प्रतिनिधि,साहिबगंज। उपायुक्त राम निवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में ईद उल फितर त्यौहार के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों के साथ संबंधित क्षेत्रों में विधि व्यवस्था से संबंधित पहले की समस्याओं तथा विवादों पर चर्चा की गई। इसी विषय पर उन्होंने संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली एवं उन स्थलों पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
इस संबंध में उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से संबंधित क्षेत्रों में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक करते हुए सूचना को दुरुस्त करने एवं लोगों को आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित क्षेत्र के अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर बनाए रखेंगे। किसी भी प्रकार की गलत सूचना प्राप्त होती है तो इस पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। साथ ही यह ध्यान रखेंगे कि किसी भी समुदाय विशेष के विरुद्ध भड़काऊ तस्वीर, पोस्ट आदि साझा न हों। साथ ही उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।
इस क्रम में उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने- अपने क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से नजर रखें एवं किसी प्रकार की संदेहपूर्ण गतिविधि पर तत्काल एक्शन लें। इस क्रम में सभी थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्रों में किन स्थानों पर अंतिम जुमे की नमाज होगी। साथ ही ईद की नमाज कहां- कहां अदा होगी, ईदगाह आदि की जानकारी लेते हुए आवश्यक एवं उचित निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त यादव ने चिन्हित असामाजिक तत्वों पर 107 की कार्रवाई करने, संवेदनशील स्थलों पर वीडियो रिकॉर्डिंग करने, सीसीटीवी कैमरा के अधिष्ठापन आदि का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के क्रम में उपायुक्त राम निवास यादव ने सभी को अलविदा जुमा एवं ईद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि आगामी ईद का पर्व जिलावासी शांतिपूर्ण माहौल में सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी भाईचारा और हिम्मत सिखाता है। इसलिए हम साहिबगंज जिले वासियों को यह मिसाल क़ायम करना है कि हम हर पर्व आपसी तालमेल के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।
बैठक में उपायुक्त के अलावा उप विकास आयुक्त प्रभात कुमार बरदियार, पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र दुबे, सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान, नजारत उप समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष गर्ग, डीएस डॉ. मोहन पासवान, सभी अंचलाधिकारी/प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य उपस्थित थे।





