लातेहार।शुक्रवार को लातेहार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।उग्रवादियों की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने शुक्रवार को विफल कर दिया है।एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चलाये जा रहे नक्सलियों के खिलाफ सर्च आपरेशन के दौरान जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बरवैया जंगल से सुरक्षा बलों ने सीरीज में लगाकर रखे गए 25 टिफिन और केन बम को बरामद किया है।बरामद किए गए केन बमों का वजन लगभग 20 किलोग्राम है।उग्रवादियों ने इन बमों को सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए रखा था।

पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन JJMP के मनोहर जी, गणेश उर्फ विकास और आजाद उर्फ कल्लू उर्फ मुकेश अपने अन्य 8-10 सदस्यों के साथ बरवइया एवं आसपास के क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने के लिए इलाके में भ्रमणशील हैं।इसी सूचना पर पुलिस उस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी।पुलिस जब बरवइया कला ग्राम के जंगल में पहुंची तो यहां सीरीज में लगे 25 केन बम को बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि बमराद केन बम को बम निरोधक दस्ते के द्वारा डिफ्यूज कर दिया गया। बम इतना शक्तिशाली था कि डिफ्यूज करने के दौरान इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनायी पड़ी।

नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन की मॉनिटरिंग सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट विनोद कुमार कनौजिया कर रहे थे। छामापारी अभियान में CRPF 11वीं बटालियन के ए कंपनी के सहायक कमांडेंट चंद्रशेखर सिंह कुशवाहा, मनिका थाना प्रभारी शुभम कुमार, अनि जुगेश्वर उरांव, बीडीडीएस व सीआरपीएफ के 11वीं बटालियन के एक कंपनी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।