प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा के निर्देश पर रविवार ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने गालूडीह थाना अंतर्गत बुरुडीह, बड़शोल थाना अंतर्गत पचांडो, खंडामौदा व कालापाथर, बहरागोड़ा थाना अंतर्गत वनगोड़ा, मटीहाना व बहरागोड़ा, चाकुलिया थाना अंतर्गत नया बाजार एवं नामोपाड़ा में अवैध शराब बिक्री स्थलों पर छापामारी कर अवैध शराब बरामद किया। साथ ही छापामारी के क्रम में एक अवैध शराब विक्रेता गालूडीह बुरुडांगा निवासी निर्मल टुडू को गिरफ्तार भी किया। जबकि छापेमारी की भनक लगते ही पांच अवैध शराब विक्रेता फरार होने में सफल रहे। जिनके विरुद्ध साकची स्थित आबकारी थाना में मामला भी दर्ज किया है। वहीं टीम ने विभिन्न स्थानों से 13.32 लीटर विदेशी शराब के साथ साथ 90 लीटर महुआ शराब भी जब्त किया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को टीम ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।