पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से विधानसभा चुनाव के निमित पाकुड़ जिला में होने वाले मतदान की तैयारियों को लेकर पाकुड प्रखंड स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त और एसपी ने लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हिरणपुर प्रखंड के बिंदाडीह स्थित बूथ संख्या 156 मतदान केंद्र और प्राथमिक विद्यालय गमहरिया बूथ संख्या 155, मध्य विद्यालय केंदुआ बूथ संख्या 162, मीडिल स्कूल कालाझोर बूथ संख्या 154 का निरीक्षण किया,जिसमें उपायुक्त और एसपी द्वारा मतदाताओं के लिए उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। इन सुविधाओं में दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प, मतदाताओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, आवश्यक बेंच, कुर्सी व टेबल की व्यवस्था, महिला व पुरुष मतदाताओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था आदि शामिल हैं।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, डीपीआरओ, बीडीओ एवं डीपीएम ई-पंचायत समेत अन्य उपस्थित थे।





