प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में जेएसएलपीएस चतरा द्वारा संचालित सभी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की गई।समीक्षा के दौरान जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबन्धक द्वारा बताया गया कि स्वयं सहायता समूहों में प्रधानमंत्री आवास योजना से आच्छादित परिवारों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है,जिसके तहत 32 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कि स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के आधार एवं बैंक खाता अद्यतन हेतु शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का कार्य प्रगति पर है तथा तत्काल में राज्य स्तर पर जिला द्वतीय स्थान पर स्थापित है।





उपायुक्त द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में दिये गये कार्यों जैसे वित्तीय समावेशन हेतु स्पेशल कैम्प, खाता खोलने एवं समस्त समूहों का बीमा पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। पशुपालन विभाग को सहयोग करने हेतु बड़े जानवरों में वैक्सिनेशन का लक्ष्य पूर्ण करने के लिए जेएसएलपीएस की पशु सखी को कार्य में लगा कर लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बिरसा हरित ग्राम योजना,दीदी बाड़ी योजना, दीदी बगिया योजना,फूलो-झानों योजना के सफल कियान्वयन हेतु प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं जेएसएलपीएस चतरा के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया साथ ही साथ बागवानी सखी,दीदी बाड़ी को ससमय मानदेय भुगतान करने का निर्देश दिया गया।





उपायुक्त ने प्रखण्ड लावालोंग, कुंदा एवं प्रतापपुर में अफीम की खेती को वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूर्णत: खत्म करने हेतु वन विभाग, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस द्वारा समन्वय स्थापित कर अफीम की खेती को शून्य करने का निर्देश दिया।साथ ही वैकल्पिक खेती के रूप में गेंदा फूल, लेमन ग्रास, तुलसी एवं अन्य औषधि की खेती को बढ़ावा देने हेतु निर्देशित किया गया।बैठक में मुख्य रूप से जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस अनिल डुंगडुंग समेत सभी अन्य सम्बंधित उपस्थित थे।