प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से संचालित एवं जिला योजना विभाग अंतर्गत जिले में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा बैठक की गई।अमृत सरोवर योजना के तहत लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा वैसी योजनाएं जहां काम बिल्कुल नहीं हुआ है या कम हुआ है, उनकी जानकारी लेते हुए उपायुक्त अबु इमरान ने जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा द्वारा चयनित सभी योजनाओं को (डीएमएफटी) के गाइडलाइन का अनुसरण करते हुए ससमय पूर्ण किया जाए।
बैठक में सिविल सर्जन से लंबित प्रस्तावों यथा टीबी वार्ड, मुख्य अस्पतालों में ट्रॉमा सेंटर, सदर अस्पताल में मॉड्यूलर ओटी, ई-टेलीमेडिसिन एवं अन्य की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिया। शिक्षा पदाधिकारी से सभी किये जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में बेंच डेस्क की बुनियादी सुविधा उपलब्ध रहे।पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अंतर्गत किये जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए पेयजल समस्या के निराकरण हेतु जरूरी दिशा निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन दूरदर्शिता को मद्देनजर रखते हुए किया जाए तथा जल संरक्षण और भूजल पुर्नभरण को प्राथमिकता में रखते हुए सभी कार्यों का संचालन किया जाए।
जिले में संचालित आंगनबाड़ियों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने सभी ऐसे आंगनबाड़ी,जिसका जीर्णोद्धार किया जाना चाहिए या जहां मरम्मती की आवयश्कता है वैसे आंगनबाड़ियों में तत्परता से उपरोक्त कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया तथा ये भी निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ियों में मूलभूत सुविधाएं यथा पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था आदि उपलब्ध रहें।
उपायुक्त ने जिला योजना विभाग अंतर्गत सभी संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी संचालित कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पुस्तकालय समेत अन्य सभी क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा की किसी भी परिस्थिति में विकास कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और तय समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सभी कार्य कर रहे एजेंसी को निर्देशित किया की आगामी मानसून से पूर्व विकास कार्यो से संबंधित सभी तैयारी पूर्ण कर लें ताकि कार्य अबाधित रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, सिविल सर्जन चतरा श्यामनंदन सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्र समेत अन्य सभी उपस्थित थे।





