प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर गुरुवार को डीआरडीए के निदेशक अरूण कुमार एक्का की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तकनीकी समिति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में मुख्य रूप से विभिन्न तकनीकी विभाग ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल चतरा, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल चतरा, पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल समेत अन्य तकनीकी विभागों के अंतर्गत क्रियान्वित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमण्डल के अंतर्गत किए जा रहे कार्य यथा प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना ( मरम्मति कार्य सहित). मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, जिला खनिज फाउंडेशन डीएमएफटी, विशेष केंद्रीय सहायता एवं अनाबद्ध योजना मद से क्रियान्वित विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के बारे में बताते हुए जानकारी दी गई कि पथ निर्माण के अंतर्गत कुल 7 योजनाएं कार्यान्वित है और पूल निर्माण के अंतर्गत कुल 5 योजनाएं कार्यान्वित है।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीआरडीए निदेशक ने हर घर नल योजना के लक्ष्य के विरूद्ध किए गए कार्य की जानकारी लेते हुए तय समय सीमा के अंदर शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। गर्मी व लू को देखते हुए उन्होंने कहा कि जिले में लगातार तापमान बढ़ रहा है।पेयजल की व्यवस्था में कमी ना आए।बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अभय कुमार झा, ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता शहनवाज खान, पेयजल एवं स्वक्षता प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता अवीक अंबाला समेत सभी संबंधित कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।





