प्रतिनिधि,चतरा। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान ने जनता दरबार के माध्यम से समस्याओं को लेकर आमजनों की समस्याएं सुनी। उन्होंने आमजनों की समस्याओं से जुड़े आवेदनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को त्वरित गति से मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।





जनता दरबार के एक मामले में बकचुम्बा से आई एक छात्रा ने बताया कि वह उ० म० विद्यालय बकचुम्बा में अष्टम वर्ग की की छात्रा है और मुख्यमंत्री मेघा छात्रवृति योजना के अन्तर्गत परीक्षा फार्म आवेदन भर चुकी हैं। इस परीक्षा में उतीर्ण होने के उपरांत भी मुख्यमंत्री मेघा छात्रवृति योजना के अन्तर्गत छात्रवृति राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। वहीं एक दूसरे मामले में ग्राम टोनाटाड़ से आई एक विधवा महिला ने बताया कि वह बहुत ही गरीब है। गत मार्च 2023 से उनका राशन कार्ड बंद है,जिसके कारण उन्हें जीवन यापन करने में बहुत कठिनाई हो रही है। इसके अलावा मुख्य रूप से भूमि संबंधित व आवास से संबंधित मामले भी जनता दरबार मे आये।उपायुक्त ने लोगों से समस्याओं का जल्द निष्पादन का भरोसा दिया।





ज्ञात हो कि सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से 01:00 बजे अपराह्न तक समाहरणालय में उपायुक्त द्वारा जनता दरबार के माध्यम से आम जनों की समस्याएं सुन उनका निराकरण किया जाता है।