पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बड़कागांव,हजारीबाग।एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना द्वारा राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2024 का सोमवार को सफल समापन किया गया।समापन कार्यक्रम एनटीपीसी आईटीआई संस्थान और सिकरी साइट ऑफ़िस कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित किया गया,जहां पर जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विजेताओं को पुरुस्कृत कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत परियोजना के संचार एवं प्रौद्योगिकी विभाग के द्वारा पूरे महीने तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए,जिसमें कर्मचारियों के साथ साथ उनके परिजन और आस पास के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।इन कार्यक्रमों को आयोजित करने का उद्देश्य सभी वर्ग के लोगों के बीच साइबर सुरक्षा जागरूकता का प्रचार प्रसार के साथ सही जानकारी मुहैया कराना था।
समापन समारोह में दोनों ही जगहों पर बतौर मुख्य अतिथि एसके दुबे महाप्रबंधक (इन्फ्रा) ने विजेताओं को सम्मान स्वरूप पुरस्कार दिए।उन्होंने इस मौक़े पर कहा कि साइबर अपराध आज के दौर में तेज़ी से बढ़ता जा रहा है,ऐसे में हमें तकनीक के दौर में साइबर से संबंधित चीज़ों के बारे में जानकारी होनी चाहिए तभी हम सुरक्षित रह सकते हैं।
समापन समारोह के विजेताओं को संबोधित करते हुए अपर महाप्रबंधक सूचना एवं प्रौद्योगिक डॉक्टर मनीष श्रीवास्तव ने भी साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि सही जानकारी से हम साइबर अपराध से बच सकते हैं। उन्होंने इस मौक़े पर सभी विजेताओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए बधाई भी दी ।





