प्रतिनिधि,चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए दूसरे मैच में गत वर्ष की चैंपियन टीम यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब चाईबासा ने एकतरफा मुकाबले में टाउन क्लब चाईबासा को 237 रनों के भारी अंतर से पराजित किया जो अब तक का रिकॉर्ड है।
स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस टाउन क्लब के कप्तान ने जीता तथा पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 6 विकेट खोकर 358 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया जो इस प्रतियोगिता का अब तक का सर्वाधिक स्कोर है। यंग झारखंड की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी उद्घाटक बल्लेबाज अरविंद कुमार ने की जिसने मात्र 106 गेदों पर 21 चौका एवं 17 छक्का जड़ते हुए 218 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग का यह पहला दोहरा शतक है। अन्य बल्लेबाजों में हर्ष कुमार ने आठ चौकों एवं एक छक्का की मदद से 56 रन, जकी अहमद ने 17 तथा राज नाविक ने 12 रन बनाए। टाउन क्लब चाईबासा की ओर से गेंदबाजी करते हुए राहुल लकड़ा ने 44 रन देकर दो तथा आकाश अग्रहरि ने 81 रन देकर दो विकेट लिए।
जीत के लिए निर्धारित 35 ओवर में 359 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्लब की टीम 22.3 ओवर में मात्र 121 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से एकमात्र सफल बल्लेबाज शुभम सिंह रहा जिसने सात चौकों एवं दो छक्कों की मदद से 62 रनों की पारी खेली और अंत तक नाबाद रहा। सोनु पात्रा एवं भारत भूषण ने 16-16 रन बनाए। यंग झारखंड की ओर से मोनु पासवान ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 19 रन देकर तीन विकेट चटकाए। चंदन सिंह एवं आयुष पाल को दो-दो सफलता हाथ लगी। आज की जीत के साथ यंग झारखंड क्रिकेट क्लब ने पूरे चार अंक हासिल किए।





