प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में डुमरी की एसडीएम प्रेमलता मुर्मू एवं डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को निमियाघाट थाना क्षेत्र के इसरी बाजार चौक के समीप स्थित नामी प्रतिष्ठान सह गुटखा के थोक बिक्रेता बलवंत स्टोर में छापेमारी कर काफी मात्रा में गुटखा बरामद किया गया। हालांकि प्रतिष्ठान संचालक के घर की महिलाओ द्वारा विरोध जताने एवं छापेमारी दल में कोई महिला पुलिस के नहीं रहने के कारण उसके घर स्थित गोदाम में छापेमारी नहीं की जा सकी,जिसके बाद छापेमारी दल ने वनांचल चौक के आसपास संचालित गुमटियों और सिमराडीह के दो गुमटियों में छापेमारी कर गुटखा को बरामद किया।
उपरोक्त दुकानों से जब्त गुटखा से संबंधित जानकारी जिला के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा को देने की बात कही गई। ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।डुमरी एसडीएम ने कहा कि विधि सम्मत कार्रवाई हेतु डीसी को रिपोर्ट की जाएगी।इस दौरान जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डाॅ. पवन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी पवन कुमार, निमियाघाट थाना प्रभारी साधन कुमार आदि उपस्थित थे।बताया जाता है कि इसरी बाजार के दो स्थानों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा उतारकर उसे डुमरी प्रखंड के गांवों सहित आसपास के जिलों बोकारो,धनबाद व हजारीबाग के प्रखंडों में ग्रामीण क्षेत्रों के गुटखा बिक्रेताओं को आपूर्ति की जाती है।साथ ही पिछले संक्रमण काल में भी बड़े पैमाने पर उक्त व्यापारी द्वारा गुटखे का अवैध व्यापार किए जाने की बात बताई जा रही है।





