प्रतिनिधि,जमशेदपुर। कदमा थाना अंतर्गत सिंडिकेट कॉलोनी में मारपीट की घटना के बाद मकान मालिक भवेश महतो पर टेंपो जलाने का आरोप लगाते हुए भाड़ेदार ने थाने में लिखित शिकायत की है। जिसपर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान मालिक भवेश महतो को हिरासत में लेकर थाने चली आई। जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
इस मामले में भाड़ेदार राजकुमार बाग ने कहा कि शुक्रवार की रात्रि मकान मालिक भवेश महतो के साथ उनका विवाद हुआ था। जिसके बाद भवेश महतो ने उनके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की थी। साथ ही राजकुमार बाग ने कहा कि भवेश महतो ने अपने पागल होने का प्रमाण पत्र बना रखा है। जिसके कारण वह आए दिन घटनाओं का अंजाम भी देता रहता है। 15 दिनों पहले उसने मेरे भाई को राॅड से मारकर घायल कर दिया था। जिसकी शिकायत हमें थाने में की थी। मगर पागल होने का प्रमाण पत्र होने के कारण भवेश महतो के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। उसे पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। अगर वह पागल है तो उसे पागलखाने भेज देना चाहिए। टेंपो से ही हमारे घर की रोजी रोटी चलती थी और उसे जला देने से हमारी परेशानी बढ़ गई है।
भाड़ेदार राजकुमार बाग ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार भी लगाई है।जबकि मामले में भवेश महतो का कहना है कि राजकुमार बाग ने पिछले छह माह से किराया नहीं दिया है। जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता है। उनका कहना है कि टेंपो में आग लगाने का जो आरोप लगाया गया है वह बिल्कुल बेबुनियाद है। इस तरह का आरोप लगाकर मामले को दूसरा रूप दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग भी की है। बताते चलें कि इससे पूर्व भी भवेश महतो को मारपीट के आरोप में पुलिस पकड़कर थाने लाई थी। मगर बाद में फिर उसे छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





