विशेष संवाददाता,रांची। राजधानी के बुढ़मू प्रखंड के पीरागुट्टू गांव में शनिवार को एक समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें टाना भगतों ने अपनी समस्याओं पर गहन चर्चा की। साथ ही कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर खुशियां मनाई। इस समारोह में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की मुख्य रूप से शामिल हुए।
समारोह में टाना भगतों ने कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर खुशियां मनायी और भरोसा जताया कि जिस प्रकार से कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में लौटी है, उसी प्रकार से राष्ट्रीय स्तर पर भी उसकी सत्ता में वापसी होगी और सभी लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री, झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और संप्रदायिक वातावरण के विरुद्ध कर्नाटक की जनता ने पूरी शक्ति से मतदान किया है। इसीलिये उसने कांग्रेस को खुलकर अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में जिस प्रकार से आम लोगों ने कांग्रेस का समर्थन किया है, वह उनकी जागरूकता का परिचय देता है और अब भाजपा सरकारों की सच्चाई उजागर होने लगी है।
बंधु तिर्की ने टाना भगतों को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र ही होगा और इसके लिये मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें टाना भगतों की समस्याओं से अवगत कराया जायेगा।





