लखनऊ।जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी ने बैंक के अंदर मैनेजर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।घाटी में एक मई से अब तक तीसरे गैर-मुस्लिम सरकारी कर्मचारी की हत्या की गयी है।कश्मीर घाटी के घटनाक्रम को लेकर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने दुख और चिंता व्यक्त की है और केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





बीएसपी मुखिया मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि जम्मू-कश्मीर में आए दिन निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं,अभी हाल ही में वहां राजस्थान के निवासी और बैंक मैनेजर की हुई हत्या अति-दुःखद व चिन्तनीय है।इससे वहां दहशत का वातावरण व्याप्त है। केन्द्र सरकार ऐसे दोषी तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करे, बीएसपी की यह मांग।





बीएसपी मुखिया मायावती ने घाटी में जारी आतंकवाद पर चिंता व्यक्त करने के बाद कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी के कोरोना पॉजिटिव होने पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, जिनके कोरोना से पीड़ित हो जाने की ख़बर है, उनके अति-शीघ्र स्वास्थ्य लाभ होने की कुदरत से कामना।





आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी ने बैंक के अंदर घुसकर बैंक मैनेजर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।विजय कुमार राजस्थान के रहने वाले थे।घाटी में एक मई से तीसरी बार किसी गैर-मुस्लिम सरकारी कर्मचारी की हत्या की गयी है।पिछले एक महीने में टारगेट किलिंग का यह आठवां मामला है।लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन रेसिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।





बैंक मैनेजर की हत्या के 12 घंटे के अंदर आतंकियों ने गुरुवार की देर रात बडगाम जिले में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों को निशाना बनाया।इसमें बिहार के दिलखुश और पंजाब के गुरदासपुर निवासी गोरिया घायल हो ग‌ए। दोनों को श्रीनगर स्थित अस्पताल ले जाया गया,लेकिन दिलखुश ने दम तोड़ दिया और गोरिया की हालत स्थिर बतायी जा रही है।घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों और पुलिस के जवानों ने घेर लिया है।आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।कश्मीर में टारगेट किलिंग की घटना के बाद गृहमंत्री अमित शाह आज हाई लेवल मीटिंग लेंगे।