मऊ।उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है।यहां घोसी के पूर्व विधायक स्वर्गीय केदार सिंह के 35 वर्षीय पोते हिमांशु सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को शनिवार रात भीड़ ने पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया।हिमांशु सिंह स्वर्गीय केदार सिंह के पोते थे।केदार सिंह 1980 में घोसी विधानसभा से कांग्रेस विधायक चुने गए थे।शनिवार की रात हिमांशु सिंह कोपागंज थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में एक पंचायत में गए थे, जहां कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई।भीड़ ने हिमांशु सिंह को लाठियों से पीटा और मुहम्मदपुर गांव में छोड़ दिया। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिमांशु सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को शनिवार की रात लगभग नौ बजे एक प्रधान और जिला पंचायत और चार अन्य दोस्तों ने उसे कोपागंज थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में बुलाया था,लेकिन इसके बाद लगभग एक घंटे बाद बिट्टू के परिजनों को सूचना मिली कि बिट्टू करिमाबाद में घायल अवस्था में पड़ा है। परिजनों ने घायल हिमांशु को एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए और कार्यवाही करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेते हुए मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि इस घटनाक्रम में करीब एक दर्जन लोग शामिल थे। मऊ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि रात करीब 9 बजे थाना क्षेत्र कोपागंज में हिमांशु सिंह की सात-आठ लोगों द्वारा हत्या कर दी गई।मामले की जांच की जा रही है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है।घटना को लेकर कोपागंज एसओ अमित मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में है।मामले की जांच की जा रही है।





