लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन भी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा उर्फ टेनी की बर्खास्तगी की मांग पर कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया। जिस समय विधानसभा की कार्यवाही चल रही थी तो बाहर विधानसभा के सामने कांग्रेस नेता काले गुब्बारे उड़ाकर अपना विरोध दर्ज कर रहे थे।

शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने विधानसभा के बाहर काले गुब्बारे उड़ाकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा उर्फ टेनी की गिरफ्तारी और पद से न हटाए जाने का विरोध जताया।
विधानसभा के बाहर काले गुब्बारे उड़ाते समय कांग्रेस नेताओं की पुलिस कर्मियों के साथ नोंक-झोंक भी हुई।
कांग्रेस नेता लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में बीते तीन अक्टूबर को हुई हिंसा में मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा के पिता एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा उर्फ टेनी की बर्खास्तगी को लेकर अपना विरोध जताते रहे।

आपको बता दें कि यूपी विधानसभा की कार्यवाही के पहले दिन से ही सपा और कांग्रेस लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर विरोध जता रही है। शुक्रवार को जब विधानसभा के बाहर कांग्रेस काले गुब्बारे उड़ा रही थी तो उसके विधायक अंदर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर नारे लगा रहे थे।