वाराणसी।इस बार जिस तरह से रिकार्डतोड़ गर्मी पड़ रही उसी अनुपात में लोगों का गंगा में डूबने का सिलसिला जारी है।अब तो हर दिन ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं।ताजा घटनाक्रम में दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट पर सोमवार सुबह 3 युवकों का शव उतराता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवाया। जांच के बाद पुलिस ने 2 युवकों की शिनाख्त चचेरे भाइयों के रूप में की। एक अन्य शव रविवार को जानकी घाट पर डूबे झांसी के युवक की थी।सूचना पर पहुंचे परिवारजन बच्चों का शव देख खुद को रोक नहीं सके और बिलख-बिलख कर रो पड़े।
इस संबंध में थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली कि तीन शव अहिल्याबाई घाट के किनारे गंगा में उतरा रहे हैं।इस सूचना पर मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाकर उनकी शिनाख्त की कोशिश की गई,मगर कोई सफलता नहीं मिली।इसके बाद थाना स्तर पर सूचना दी गयी तो लंका थाने पर दो युवकों के लापता होने की बात सामने आई।साथ ही भेलूपुर थाना क्षेत्र के जानकी घाट पर रविवार को एक युवक के डूबने की बात पता चली। इस पर उनके जानने वालों को मौके पर बुलाया गया और शिनाख्त करवाई गई।
इसमें से दो शव प्रियांशु कुमार सिंह पुत्र संजय सिंह उम्र 14 साल और अमन राज सिंह पुत्र विपिन बिहारी उम्र 15 साल ग्राम-पोस्ट बाराही थाना हुसैनाबाद जनपद पलामू झारखंड के है।ये दोनों चचेरे भाई थे। रविवार को किसी परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए वे वाराणसी आए थे। दोनों लंका में अपने किसी रिश्तेदार के यहां रुके थे।दोनों रविवार की शाम घूमने के लिए निकले थे और घर वापस नहीं गए।परिजनों ने लंका थाने को सूचित किया था।सम्भावना है कि दोनों किसी घाट पर स्नान के दौरान डूब गए हों और आज उनका शव अहिल्याबाई घाट पर उतराता मिला है।इसके अलावा तीसरे शव की शिनाख्त योगेश कुमार सोनी पुत्र छकौड़ी लाल सोनी उम्र 26 वर्ष निवासी नई बस्ती कटरा थाना गुरसराय जिला झांसी के रूप में हुई है।वह कल भेलूपुर थानाक्षेत्र के जानकीघाट पर स्नान करते वक्त डूब गया था।
माना जा रहा है कि रविवार को गंगा में भारी भीड़ के बीच युवक नहाने निकले मगर डूब गए और अधिक संख्या होने की वजह से किसी ने गौर भी नहीं किया।





