वाराणसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर काशी में काफी आक्रोश है।शनिवार को जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने बिलावल का पुतला फूंका था तो रविवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बिलावल का पुतला फूंकते हुए विरोध जताया।मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि बिलावल भुट्टो जरदारी को यह याद रखना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान दुनिया के सभी देश करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समय ही पाकिस्तान में घुसकर भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक किया था।
बेनियाबाग क्षेत्र में रविवार को शेख मोहम्मद आसिफ की अगुवाई में मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हुए और पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।बिलावल की फोटो की जूते-चप्पल से पिटाई की। इसके बाद बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका।साथ ही, बिलावल भुट्टो और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
आसिफ शेख ने कहा कि 130 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले इस देश के लोग अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं।वह हमारे गौरव हैं और उनके नेतृत्व में देश दिनोंदिन तरक्की कर रहा है।यह हर हिंदुस्तानी के लिए गौरव की बात है।ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा हमारे प्रधानमंत्री के खिलाफ यदि कुछ उल्टा सीधा कहा जाता है या फिर विवादित बयान दिया जाता है तो हम उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के किसी नेता या मंत्री की हैसियत नहीं है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर बयानबाजी करे।
मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कुछ भी बोलने से पहले पाकिस्तान के नेताओं को यह सोच लेना चाहिए कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक किया था। यदि पाकिस्तान के नेता एयर स्ट्राइक जैसे वाकए को भूल गए होंगे तो आगे उनका हश्र और भी बुरा होगा।
जुलूस में शामिल मुस्लिम महिलाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही आज भारत में महिलाएं सुरक्षित हैं और सभी धर्म के लोग भाईचारे के साथ रह रहे हैं।प्रधानमंत्री के कारण ही दुनिया में भारत का नाम काफी सम्मान पूर्वक लिया जाता है।ऐसे में प्रधानमंत्री के खिलाफ यदि कोई अनर्गल बयानबाजी करेगा तो उसका हश्र बुरा होगा।





