धनबाद।रंगदारी मांग कर कारोबारियों की रातों की नींद हराम करने वाला वासेपुर का कुख्यात प्रिंस खान की पुलिस ने रविवार को सारी हेकड़ी तोपों से उड़ा डाली। न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती करने पहुंची पुलिस प्रिंस खान के घर के एक-एक दरवाजे और खिड़की को उखाड़ कर ले गई।कुर्की के दौरान घर के अंदर पुलिस ने नोट गिनने वाली एक मशीन भी जब्त की। कई पलंग, सोफा, एसी, फ्रिज सहित प्रिंस के घर से 10 ट्रक सामान जब्त किया गया।





मिली जानकारी के‌ अनुसार भारी सुरक्षा इंतजाम के साथ वासेपुर कमर मखदुमी रोड नीचे मुहल्ला पहुंची पुलिस की टीम ने सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक लगभग सात घंटे कुख्यात प्रिंस खान के घर, ऑफिस और फार्म हाउस में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की। एक-एक कमरे से सामान निकाल कर घर को खाली करने के बाद मोटरी में बंधे कपड़े और स्टोर में रखा पुराना सामान भी ट्रक पर लोड कर लिया गया।





कमरों से सामान निकालने के बाद शाम लगभग साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक प्रिंस खान के मुख्य दरवाजा सहित सभी कमरों के दरवाजे, खिड़की और बालकनी के ग्रिल को पुलिस ने इलेक्ट्रिकल कटर और मजदूरों की मदद से उखाड़ डाला।यहां तक कि सीढ़ियों की रेलिंग पर लगे स्टील को भी कटर से काट कर पुलिस ले गई।कमरों में लगे कवर्ड के दरवाजे और ड्रॉवर को भी पुलिस ने नोंच डाला।रसोई में जिन बर्तनों में खाना बना था, उसे छोड़कर पुलिस सबकुछ ले गई।कार्रवाई के दौरान डीएसपी अमर कुमार पांडेय, बैंक मोड़ थाना प्रभारी पीके सिंह, धनबाद थाना प्रभारी विनय कुमार, कतरास थाना प्रभारी रणधीर कुमार और भूली ओपी प्रभारी संदीप बाघवार सहित 100 से अधिक पुलिस वाले मौजूद थे।