वाराणसी।केंद्रीय सूचना और प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर इन दिनों देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में हैं।अनुराग ठाकुर ने आज सोमवार सुबह जिलाधिकारी एस राजलिंगम के साथ सिगरा स्टेडियम पहुंचे। लगभग आधे घंटे तक 35 प्रतिशत तक पूरे हो चुके स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति देखकर खुशी जाहिर की।सिगरा स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनने वाले क्रिकेट मैदान के निर्माण में एक बार फिर से संशोधन होगा।अब इसका आकार और बड़ा इसके लिए अनुराग ठाकुर ने निर्माण एजेंसी से नया प्रस्ताव मांगा है।
इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री ने स्टेडियम का प्रस्तावित मॉडल भी देखा और आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) के मानकों पर बनने वाले क्रिकेट मैदान को पहले से निर्धारित आकार से और बड़ा बनने के लिए कहा। इसके अलावा काम पूरा होने की समय सीमा के बारे भी जानकारी ली।
केंद्रीय खेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री की रूचि खेलों और फिटनेस के प्रति ज्यादा है।उन्होंने स्थानीय लोगों को फिटनेस के लिए मिल रही सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। युवाओं को खेलों के प्रति मिलने वाली सुविधाओं में बढ़ोतरी का निर्देश भी दिया।
केंद्रीय खेल मंत्री को बताया गया कि स्टेडियम में बैडमिंटन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, स्क्वाश, टेबल टेनिस, वालीबॉल, भारोत्तोलन आदि खेलों की सुविधाएं मिल रही हैं।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त प्रणय सिंह भी मौजूद रहे।
निर्माण एजेंसी के निदेशक प्रणव अग्रवाल ने बताया कि स्टेडियम के पहले चरण का कार्य लगभग 35 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। दूसरे चरण के कार्य का कांट्रेक्ट भी हमें मिला है। अभी पुराने भवनों के मूल्यांकन का काम चल रहा है। अगले एक सप्ताह में पुराने निर्माण को तोड़कर दूसरे चरण काम भी शुरू कर दिया जाएगा।दोनों चरण का कार्य दिसंबर 2023 पूरा करने का लक्ष्य है।
बता दें कि स्मार्ट सिटी के तहत लगभग साढ़ चार सौ करोड़ रुपए की लागत से तीन चरणों में तीन मंजिला बनने वाले सिगरा स्टेडियम में खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की सुविधा मिलने वाली है।क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आधुनिक क्रिकेट मैदान का कार्य प्रगति पर है। 125 गुना 100 मीटर के क्षेत्रफल में चार विकेट का क्रिकेट मैदान आईसीसी के मानकों पर बनाने की योजना थी।अब इसे और बड़ा बनाने के लिए खेल मंत्री ने सुझाव दिया है।





