पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बालूमाथ,लातेहार। बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित मगध कोल परियोजना में गुरुवार मध्य रात्रि कुछ अपराधियों ने कोयला लोडकर काटा करने जा रहे हाइवा वाहन को आग की हवाले कर दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार हाइवा वाहन कोयला लोडकर 21 नंबर कांटा में अपने गाड़ी का कांटा कराने जा रहा था कि इसी दौरान बीच रास्ते में नकाबपोश चार की संख्या में आए अपराधी वाहन को रोककर आग के हवाले कर दिया,जिससे हाइवा जलकर पूरी तरह से खाक हो गया।इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की पूरी छानबीन में जुट गई और अपराधियों के धर पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि शूटर प्रदीप गंझू नामक अपराधी द्वारा हस्तलिखित पर्चा छोड़कर घटना की जिम्मेवारी ली गई है और हस्तलिखित पर्चा में लिखा गया है कि मगध कोलियरी में कार्य कर रहे सभी कोयला लिफ्टर,रेलवे ठेकेदार,कोयला व्यवसाय को मैनेज करके कार्य करने को चेतावनी दी गई है। उधर पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर हर बिंदु पर जांच की जा रही है।अभी कुछ कहना जल्दी बड़ी होगी,जल्द ही मामला का खुलासा कर दिया जाएगा।





