प्रतिनिधि,रजरप्पा( चितरपुर)। कुजू ओपी क्षेत्र के मुरपा स्थित पंजाबी ढाबा के समीप एनएच-33 फोरलेन सड़क पर सोमवार दोपहर एक यात्री बस ने सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी,जिससे बस के परखच्चे उड़ गए । टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह घुस गईI
हादसे में सौंदा डी निवासी प्रमोद श्रीवास्तव 43 वर्ष की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने सदर अस्पताल रामगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन सवारियों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं दर्जनों अन्य घायलों की प्राथमिक चिकित्सा करके उन्हें घर वापस भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग से रामगढ़ की ओर जा रही गोलू यात्री बस संख्या जेएच02ए क्यू/5753 अपने आगे एकाएक रुके ट्रेलर संख्या जेएच 02 एएच/1561 में पीछे से जा टकराई । टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में बुरी तरह जा फसा। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची कुजू पुलिस टीम की तत्परता एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन-फानन बस में फंसे यात्रियों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
श्रीराम चौक में भी कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
श्रीराम चौक पर सड़क के दोनों और बीचो-बीच ट्रकों और टेलरो की लाइन लगी रहती है। हमेशा सुबह शाम ट्रकों को बीच सड़क पर खड़ा देखा जा सकता है। पुलिस अगर चाहे तो ऐसे ट्रकों के विरुद्ध कार्रवाई कर दुर्घटनाओं में कमी ला सकती है।





