भदोही।उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के भदोही जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया।बिहरोजपुर गंगा घाट पर नदी में नहाने आए पांच युवक डूब गए।एक युवक को घाट पर नहा रही महिला ने अपनी साड़ी फेंक कर बचा लिया,लेकिन चार युवक नदी में डूब गए।डूबे युवकों की तलाश में गोताखोर जुटे हुए हैं।हादसे की जानकारी मिलते ही घाट पर पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा रविवार की सुबह गोपीगंज थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर गंगा घाट पर हुआ। गोपीगंज थाना क्षेत्र के कवलापुर गांव निवासी 20 वर्षीय अंकित, 22 वर्षीय विक्की, 17 वर्षीय लकी और 24 वर्षीय प्रभात अपने एक और साथी के साथ रविवार की सुबह बिहरोजपुर गंगा घाट पर नदी में नहाने गए थे।नहाने के दौरान एक युवक कूदा उसके बाद उछलकूद करते हुए दूसरे, तीसरे और चौथे ने छलांग लगाई तो सभी गंगा में डूबते चले गए।पांचवा युवक जैसे ही कूदा तो थोड़ा पहले ही रह गया। उसको डूबते हुए देख पास में नहा रही एक महिला ने अपनी साड़ी उसकी तरफ फेंका और पकड़ने का इशारा किया।युवक के साड़ी पकड़ने पर महिला उसे बाहर खींच लाई और उसकी जान बच गई, लेकिन चार डूब गए। युवकों के डूबने की जानकारी महिला ने ग्रामीणों को दी जिसके बाद मौके पर गोताखोर पहुंचे और चारों युवकों की तलाश शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अभी तक तीन शव बरामद हो चुका है औऱ एक की तलाश की जा रही है। इस घटना की खबर के बाद से गंगा में डूबे युवकों के परिवार में हड़कंप मचा है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है।





