प्रतिनिधि,मेदिनीनगर(पलामू)। चढ़ते-चढ़ते ज्येष्ठ माह के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। भगवान भगवान सूर्य की किरणें और चिलचिलाती धूप पलामू वासियों को हलकान करने लगा है। शनिवार को पलामू जिले का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान19.8 डिग्री रहा। यह सोमवार के तापमान से दो डिग्री व रविवार के तापमान से 3 डिग्री ज्यादा है।सुबह की आद्रता42 प्रतिशत व शाम की आद्रता13 प्रतिशत रही।
इधर सूरज की तपिश का असर साफ दिखने लगा है।दिन में 9 बजे से तीसरे पहर 2 बजे तक गर्मी व चिलचिलाती धूप में लोग घर से बाहर निकलने में परहेज करने लगे हैं। पैदल चलने वाले राहगीरों व वाहन चालको के सिर पर तौलिया गमछा अथवा छाता दिखने लगा है। विद्यालय आने जाने वाले छात्र-छात्राओं विशेषकर छोटे बच्चों के लिए गर्मी परेशानी का सबब बनने लगा है। गर्मी की शुरुआत के साथ हैं घरों में पंखे चलने लगे हैं। लोग कूलर फ्रिज आदि कि साफ-सफाई कर व्यवस्थित करने लगे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। तेज धूप एवं दोपहरी में उड़ती धूल- बवंडर व सुने पड़े खेत खलिहान के बीच गर्मी पांव पसारने लगा है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और रफ्तार पकड़ेगी। इस बार मॉनसून सामान्य रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। परन्तु चैत्र एवम बैशाख मे बेमौसम बरसात के कारण सामान्य बरसात कमजोर हो सकती है ।





