प्रतिनिधि,जमशेदपुर। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ती सुनिश्चित करने को लेकर विधायक सरयू राय ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बिरसा नगर सब स्टेशन में एक बैठक की। उक्त बैठक में बिजली की केबलिंग करने, ट्रांसफार्मर, एसएमडीबी बाॅक्स लगाने, जर्जर व झूल रहे तारों को बदलने समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।इस दौरान विधायक सरयू राय ने अधिकारियों से कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त बिजली आपूर्ती सुनिश्चित करना है। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान देखा कि आज भी कई जगहों पर बांस के सहारे उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ती की जा रही है। ऐसे सभी स्थानों से बांस बल्ली हटाकर बिजली का पोल लगवाने का उन्होंने निर्देश भी दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कई क्षेत्रों में केबलिंग और एसएमडीबी बाॅक्स लगाने का कार्य अधूरा है और जिसे अविलंब पूर्ण करने के लिए कहा। वर्तमान में कई स्थलों पर 100 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा हैं और जो आबादी के अनुसार पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने वास्तुविहार, बिरसानगर, भुइयांडीह, विजया गार्डेन गेट नंबर 1, बिरसानगर जोन नंबर 10, शक्तिनगर समेत अन्य क्षेत्रों में 200 केवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने का निर्देश बिजली विभाग के अधिकारियों को दिया है। वहीं विधायक सरयू राय ने निर्बाध विद्युत आपूर्ती के लिए तार, पोल, जम्फर, ट्रांसफाॅर्मर को दूरूस्त करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने अधिकारियों से सब स्टेशन, फीडर और ट्रांसफाॅर्मर की विस्तृत जानकारी मांगते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ती नियंत्रण के लिए अतिरिक्त फीडर का निर्माण भी किया जाय। इसी तरह उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आने वाली गर्मी में उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो, इसकी तैयारी अभी से करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि गर्मी की तैयारी के लिए विभाग द्वारा बिजली के सभी लंबित कार्यों का निपटारा शीघ्र कर लिया जाय। जबकि अधिकारियों ने बताया कि बागुनहातु में एक नया फीडर बनाया गया है और जिसे 4 से 5 दिनों के अंदर चालू कर दिया जाएगा।विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि दिसंबर तक सभी स्थानों पर पोल बदल दिए जाएंगे और फरवरी तक 33 और 11 हजार क्षमता के सभी केबल ठीक कर लिए जाएंगे।
विधायक ने बिजली बिल में हो रही त्रुटियों से उपभोक्ताओं की परेशानी को संज्ञान में लेते हुए कहा कि गलत बिजली बिल में तेजी से सुधार किया जाय। साथ ही जब तक गलत बिजली बिल में सुधार नहीं होता है तब तक उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन नहीं काटने की बात भी कही। अगर फुल लोड बिजली मिलने के बाद भी यदि उपभोक्ताओं तक सुचारू रूप से बिजली नहीं मिलती है तो इसे लोकल फोल्ट समझा जाएगा। इसलिए हर हाल में वितरण में आ रही रूकावटों को दुरूस्त किया जाय।
बैठक में मुख्य रूप से बिजली विभाग कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं विधायक सरयू राय के निजी सचिव सुधीर सिंह, विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि हरेराम सिंह, भाजमो जिला उपाध्यक्ष एम चन्द्रशेखर राव, युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित शर्मा, बिरसानगर के मंडल अध्यक्ष शंकर कर्मकार आदि मौजूद थे।





