प्रतिनिधि,बड़कागांव। गोंदलपुरा में अदानी कोल खनन परियोजना को रद्द करने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। गोंदलपुरा पंचायत के गाली रोड तालाब के किनारे महुगाई कला के पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजय भुइयां की अध्यक्षता एवं गोंदलपूरा पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य देवनाथ महतो की संचालन में ग्रामीणों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। आंदोलन में आसपास गांव के कई लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोंडल पूरा पंचायत के पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला ने कहा कि जल जंगल जमीन पर मालिकाना हक हमारा है। हम किसी भी हालत में 1 इंच भी जमीन कंपनी को नहीं देंगे। इसी जमीन से खेती बारी कर हमारा परिवार का जीविकोपार्जन होता है। ग्रामीणों ने सरकार से कोल कंपनी का एनओसी रद्द करने की मांग की है। विगत रविवार को एक बैठक कर अधिग्रहित क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा कोल खनन परियोजना रद्द करने को लेकर अनिश्चितकालीन धरना करने का निर्णय लिया गया था,जिसकी सूचना सोमवार को हजारीबाग एसडीओ को दी गई। साथ ही साथ उसकी प्रतिलिपि संबंधित थाना व पुलिस पदाधिकारी को दी गई। आवेदन में सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक अनिश्चितकालीन सतत रूप से धरना देने का उल्लेख है।
धरने में गाली, बलौदर, फुलांग और हाहे गांव के कई लोग मौजूद थे। जिसमें मुख्य रुप से गोंदल पूरा पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य देवनाथ महतो ,पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला, विकास कुमार, चंदन कुमार, अरुण कुमार, सरिता देवी, जसोदा देवी, प्रमिला देवी ,जागेश्वर महतो के अलावा कई लोग अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन में शामिल थे।





