घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल हादसों को दे रहा खुला आमंत्रण





खुलेआम घरेलू सिलेंडर से गैस रिफिलिंग सिंदरी एवं बलियापुर क्षेत्र में हो रहा है





रेस्टोरेंट व हाथ ठेलों पर घरेलू सिलेंडर पर कार्य होते देखा जा सकता





फास्टफूड स्टाल पर घरेलू गैस का इस्तेमाल करते दुकानदार





विशेष संवाददाता,सिंदरी/बलियापुर। सिंदरी से लेकर बलियापुर क्षेत्र रांगामाटी तक शहर के मुख्य मार्ग समेत कई चौक चौराहों पर सुबह शाम सड़क किनारे जगह-जगह ठेलों में धड़ल्ले से घरेलू सिलेंडर का उपयोग होता देखा जा सकता है। संबंधित विभाग मूक दर्शक बना बैठा है। दुकानदारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों की जांच- पड़ताल करने वाली एजेंसियां भी मूक-बधिर की तरह हाथ पर हाथ धरे बैठी हैं। जाहिर है कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जब से कॉमर्सियल सिलेंडर महंगा हुआ है तब से सारे नियम को ताख पर रख कर लगभग सभी रेस्टोरेंट वाले घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने लगे हैं।





व्यावसायिक उपयोग के लिए 19 केजी का कॉमर्शियल सिलेंडर लगभग 2200 रुपये में मिलता है। जबकि 14 केजी का घरेलू सिलेंडर 1150 में उपलब्ध है, तो क्यों कॉमर्शियल सिलेंडर उपयोग करे लोग। जबकि नियमानुसार व्यवसायिक काम में कॉमर्शियल सिलेंडर का उपयोग होना चाहिए, जैसे होटलों, रेस्टोरेंट, हाथ ठेलों पर लगी डोसा-चाऊमीन, मोमो व चाट की दुकानें।पर सभी जगह घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होते देखना आम बात है। यही कारण है कि सिंदरी/बलियापुर के कई क्षेत्रों में अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा जोरों पर है। न बुकिंग की झंझट और न ही लंबी कतार में लगने की जरूरत। एजेंसी के लोग रात के अंधेरे में ब्लैक मार्केटिंग वालों के घर पर घरेलू गैस छोड़ जाते है,जिसके एवज में एजेंसी को भी अच्छी रकम मिल जाती है। पुलिस व अधिकारियों से बचने के लिए धंधेबाज अपने ग्राहकों को डोर-टू-डोर की सुविधाएं भी उपलब्ध कराते हैं। खाद्य व आपूर्ति विभाग के अफसर भी ऐसे तत्वों पर कार्रवाई करते नहीं दिखते,जिससे ऐसे करोबारियों के हौसले बढ़े हुए हैं। घरेलू गैस रिफलिंग का धंधा धरल्ले से शहरपुरा एनएसी मार्केट , जयहिन्द मोड रांगामाटी, रोडाबाध मार्केट, सिंदरी कालेज के पास निजी भवन, बलियापुर इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पास चल रहा है । सिंदरी एवं बलियापुर प्रशासन, सिंदरी चेंबर ऑफ कॉमर्स, राजनीतिक पार्टी एवं सामाजिक संस्था सभी इस मामले में मौन हैं। पूर्व में सिंदरी में रात्री के वक्त घरेलू सिलेन्डर फटने से दस दुकाने जल गई थी ।सिंदरी अंचल में इंडेन एवं एचपी गैस एजेंसी के सांठ-गांठ से अवैध गैस रिफिलिंग का धन्धा चरम पर है।