विशाखापत्तनम / भुवनेश्वर / रायपुर:

बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्णब' ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश यानम के तटीय इलाकों में अपनी दस्तक दे दी है। तूफान का केंद्र (Eye of the Storm) तट के अत्यंत करीब पहुँच चुका है और लैंडफॉल (तट से टकराने) की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के केंद्र में हवाओं की गति 125 से 135 किमी प्रति घंटा बनी हुई है, जो झोंकों के साथ 150 किमी प्रति घंटा तक पहुँच रही है। बीते तीन घंटों में यह तूफान 3 किमी प्रति घंटे की धीमी गति से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। अनुमान है कि शुरुआत में यह धीमी गति से उत्तर-पश्चिम और तत्पश्चात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा।

तटों से टकराईं विकराल लहरें, तबाही की आहट

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थिति प्रसिद्ध 'आरके बीच' (RK Beach) पर भीषण चक्रवात के कारण समुद्र में कई मीटर ऊँची विनाशकारी लहरें उठ रही हैं। तटीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के साथ विजिबिलिटी काफी कम हो गई है।

चक्रवात के गंभीर खतरे को देखते हुए देश भर के 14 राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासनिक कदम और एहतियात:

  • यातायात ठप: सुरक्षा के मद्देनज़र 90 से अधिक यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। तटीय हवाई अड्डों से कई उड़ानों का परिचालन पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है।
  • शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी: ओडिशा के तटीय जिलों तथा छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले सहित कई संवेदनशील इलाकों में 28 अक्टूबर (बुधवार) को सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
  • बचाव बल तैनात: एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को संवेदनशील तटीय इलाकों में तैनात कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ेंः अल नीनो का प्रकोप: टोक्यो में रिकॉर्ड बारिश से थमी जिंदगी, तो अटाकामा रेगिस्तान में खिले लाखों फूल

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी असर

ओडिशा के गंजाम जिले और गोपालपुर में बुधवार सुबह से ही मौसम का मिजाज काफी बिगड़ चुका है। गोपालपुर में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन की रफ्तार रोक दी है। मौसम विभाग ने ओडिशा में दिनभर मूसलाधार बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है।

वहीं, पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ पर भी चक्रवात अर्णब का असर साफ दिख रहा है। आगामी दिनों में भारी बारिश और आंधी की संभावना को देखते हुए धमतरी जिला प्रशासन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए तत्काल प्रभाव से एक दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।

प्रशासन की अपील

आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सरकारों ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय गृहों (Cyclone Shelters) में स्थानांतरित करना शुरू कर दिया है। मच्छुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

#CycloneArnab #CycloneAlert #AndhraPradesh #OdishaWeather #Landfall #IMDAlert #DisasterManagement #IndiaWeather #LiveUpdates