प्रतिनिधि,चतरा। चतरा कॉलेज चतरा के बीएड संभाग में बुधवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चरणी के पास मोमबत्ती जलाकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरपी रॉय ने किया। मंच का संचालन प्रिंस जॉय खलखो एवं अमिता कुजुर ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभु यीशु की प्रार्थना एवं उनके संगीत के माध्यम से सभी को क्रिसमस संदेश दिया गया।
प्रथम वक्ता के रूप में बीएड विभाग के प्रो. प्रेम बसंत बाखला ने क्रिसमस संदेश देते हुए सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं एवं नए साल की बधाईयां दी तथा सभी को इस कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया।प्रो. ग्लोरिया ग्रेस होरो ने अपने वक्तव्य में ईसाइयों का प्रमुख त्योहार बताया। साथ ही उन्होंने बताया कि यीशु के जन्म के खुशी में यह त्योहार मनाया जाता है ताकि लोग अपने भोग विलास में पड़े हुए जीवन को त्याग कर एक नए साल की शुरुआत अच्छे से करें। साथ ही उन्होंने यीशु मसीह के जन्म की सारी बातों को विस्तार पूर्वक बताया। प्रो. बहालेन होरो बाखला ने अपने वक्तव्य में सभी धर्मों से ऊपर उठकर मानवता को महान बताया एवं क्रिसमस गैदरिंग की अनंत शुभकामनाएं तथा बधाइयां दी।
मंच पर मंचासीन सभी विद्वानों ने अपने-अपने वक्तव्य के माध्यम से प्रभु यीशु के जन्म के बारे में प्रकाश डाला एवं उनके महानतम गुणों तथा मनुष्य के उद्धार को लेकर अपने जीवन को त्याग करने के बारे में भी बताया। क्रिसमस गैदरिंग कार्यक्रम में अनेक रंगारंग कार्यक्रम किए गए जो प्रभु यीशु से जुड़े रहे। साथ ही झारखंडी नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किए गए।इस मौके पर प्रस्तुत यीशु के जन्म से जुड़े नाटक ने सबका न केवल मन मोहा बल्कि यह संदेश भी दिया कि पृथ्वी पर मानवों के शांतिपूर्ण जीवन में ईश्वर का भी स्थान है तथा यीशु ईश्वर और मनुष्य के बीच की एक सजीव कड़ी है।
कार्यक्रम के अगले पड़ाव में यीशु के जन्म की खुशी में विभागाध्यक्ष तथा सभी शिक्षकों ने मिलकर केक काटकर खुशी मनाई।बीएड संभाग के विभागाध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी बीएड प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छात्रों को सर्व धर्म से ऊपर उठकर भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने सभी धर्मों का उल्लेख करते हुए सनातन धर्म एवं प्रभु इसे के कर्मों को याद दिलाई एवं नारी सशक्तिकरण को ऊपर उठाने एवं जागरूकता के साथ नए साल की शुरुआत करने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि मानव समाज और उनके सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन बीएड संभाग की प्रो. शोभा कुजुर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीएड प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों का भी योगदान रहा।





