प्रतिनिधि,चतरा। हजारीबाग जिला के केरेडारी व चतरा जिला के सिमरिया व टंडवा थाना क्षेत्र में कोल व्यवसायियों व ठेकेदारों से लेवी मांगने वाले नक्सली संगठन टीपीसी के चार नक्सली समर्थकों को पुलिस ने सिमरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।





रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में चतरा एसपी राकेश रंजन ने बताया कि 13-14 जनवरी की रात टीएसपीसी नक्सलियों के नाम पर हजारीबाग जिला के केरेडारी एवं चतरा जिला के सिमरिया व टंडवा में पोस्टरबाजी की घटना को अंजाम दिया गया था। पोस्टरबाजी के माध्यम से क्षेत्र में काम कर रही कम्पनियों को धमकाया गया था और फोन के माध्यम से लेवी की मांग की गई थी।मामले के उद्भेदन को लेकर टंडवा एसडीपीओ शंभु सिंह व सिमरिया एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में टंडवा के थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह व सिमरिया थाना प्रभारी विवेक कुमार शामिल थे।उन्होंने बताया कि टीम ने त्वरित कार्यवाई करते हुए पोस्टरबाजी में शामिल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पोस्टर का डिजाइन बनाने व पोस्टर छापने में संलिप्त एक अन्य को एक लैपटॉप के साथ गिरफ्तार किया गया।





एसपी रंजन ने एक सवाल के जवाब में बताया कि पोस्टरबाजी व लेवी मांगने में संलिप्त लोगों का पूर्व का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। परन्तु गिरफ्तार लोगों ने बताया कि जेल में बंद टीएसपीसी नक्सलियों के बहकावे में आकर इन्होंने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया है। एसपी रंजन ने जिलावासियों से अपील करते हुए अनुरोध किया कि आप किसी भी अवैध या गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल न हो अन्यथा आपके विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि अन्य संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।





आपको बताते चलें कि 14 जनवरी 2023 को सिमरिया थाना क्षेत्र में छापामारी की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी का पोस्टर चिपकाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से टीएसपीसी का 525 पोस्टर, एक मोबाइल एवं एक बाइक बरामद हुआ। पूछताछ के क्रम में इसने अपने सहयोगियों का नाम बताया था।





गिरफ्तार नक्सली समर्थकों में संतोष राम पिता सुखदेव राम पता-ग्राम-देल्हो, थाना-सिमरिया, जिला-चतरा, शिवशंकर भारती पिता स्व० लालदेव राम पता-ग्राम-हरदा थाना टण्डवा जिला-चतरा,नन्दलाल भारती, पिता- हरिहर मुइया पता-ग्राम कोरी, पोस्ट-देन्हों, थाना सिमरिया, जिला-चतरा एवं मो0 नोमान बदर पिता-अली हसन पता-ग्राम- जमरी थाना-राजपुर जिला-चतरा का नाम शामिल है। इनके बिरुद्ध कोरेडारी थाना काण्ड संख्या - 197/ 2022 दिनांक-23.12.2022 धारा-385/34 भादवि के तहत मामला दर्ज है।





छापामारी टीम में एसडीपीओ सिमरिया अशोक प्रियदर्शी,एसडीपीओ टंडवा शंभु कुमार सिंह,पुनि सह थाना प्रभारी टंडवा विजय कुमार सिंह,पुअनि सह थाना प्रभारी सिमरिया विवेक कुमार,पुअनि अनिल कुमार, सिमरिया थाना,सअनि रामदेव वर्मा, सिमरिया थाना,पुनि विनय कुमार सिंह सिमरिया थाना एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।