चाईबासा।झारखंड के चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका जंगल में मिसिर बेसरा के दस्ते की सूचना पर बुधवार से जारी सुरक्षा बलों का एंटी नक्सल ऑपरेशन गुरुवार को भी जारी रहा।ऑपरेशन के दूसरे दिन भी सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के मंसूबे से नक्सलियों ने आईडी धमाका किया।इस धमाके में कोबरा के तीन जवान घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका जंगल में भारी संख्या में नक्सलियों का जमावड़ा हैं।नक्सली लगातार सुरक्षाबलों को अपने मजबूत किले में घुसने से रोकने के लिए अत्याधुनिक हथियार और आईडी से हमला कर नुकसान पहुंचा रहे हैं।
झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ जारी एंटी नक्सल ऑपरेशन के जरिए सुरक्षाबल हर तरफ अंगद की तरह पैर जमाए नक्सलियों के पांव उखाड़ रहे हैं,लेकिन चाईबासा के क्षेत्र में अभी भी नक्सली अपने अभेद्य किले में सुरक्षित हैं। नक्सली अपने अभेद्य किले को सुरक्षाबलों से सुरक्षित बचाने की आखिरी जंग लड़ रहे हैं।नक्सलियों ने पिछले दो दिनों में सुरक्षाबलों को बड़ा नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और उसमें काफी हद तक कामयाब भी हुए हैं।
दो दिनों में 9 जवान आईडी की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गए हैं।इनका इलाज राजधानी रांची के मेडिका अस्पताल में चल रहा है।बुधवार को जहां सीआरपीएफ के 6 जवान घायल हुए थे।गुरुवार को भी कोबरा 209 बटालियन के तीन जवान घायल हुए हैं।
बता दें कि बुधवार को सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका गांव के जंगल के पास भारी संख्या में नक्सली जमा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।इसके बाद कोबरा बटालियन की 209 और 203 बटालियन के साथ झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 60, 174 और 197 बटालियन का ज्वाइंट ऑपरेशन शुरू हुआ। सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी भी धमाका किया।इसमें 6 जवान कोबरा के घायल हो गए, हालांकि इसके बाद सुरक्षाबलों ने जब जवाबी कार्रवाई की तो नक्सली भाग खड़े हुए।
नक्सलियों के इस हमले से सुरक्षाबलों की हिम्मत नहीं टूटी। सुरक्षा बल गुरुवार भी अपने मिशन में लगे रहे ताकि इलाके से अंगद की तरह पैर जमाए नक्सलियों के पांव को पूरी तरह से उखाड़ सके,लेकिन नक्सलियों ने गुरुवार को भी सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर आईडी धमाका किया।इस धमाके में 3 जवान घायल हो गए हैं।इस मामले पर पुलिस मुख्यालय भी गंभीर है और लगातार ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की जा रही है।





