पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र के जीटी रोड के किनारे अतिक्रमणकारियों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमित कर दुकानों के बोर्ड,बेचने की वस्तुएं और अन्य कई प्रकार के अतिक्रमण जन्य सामग्रियों को रख दिया जाता है,जिसके कारण आम लोगों को तो कई तरह की परेशानियां तो होती ही है साथ ही साथ वाहन चालकों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।अतिक्रमण के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।स्थिति यह है कि स्थानीय दुकानदारों और होटल संचालकों द्वारा जीटी रोड पर अतिक्रमण कर सड़क क्षेत्र को सकरा कर दिया जाता है।
इस अतिक्रमण से संबंधित पूर्व में भी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन दिया गया था,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों का मनोबल बढ़ता चला गया। इसके अलावा सड़क किनारे ट्रकों को और टेलरों को खड़ाकर दिया जाता है,जिसके कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है।इसी से संबंधित आवेदन अंचल अधिकारी संजय यादव को दिया गया जिस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने अतिक्रमित क्षेत्र की मापी करवाई।
चौपारण प्रखंड अंचल अधिकारी संजय यादव ने अतिक्रमण की स्थिति पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए केंदुआ मोड़ से लेकर चतरा मोड़ अस्पताल तक अतिक्रमित क्षेत्र की मापी कार्रवाई। माप के उपरांत अंचल अधिकारी ने अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा की 24 घंटे में अतिक्रमित जगह को अतिक्रमण मुक्त कर दें अन्यथा प्रशासन द्वारा अतिक्रमित क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाएगा। यदि अतिक्रमणकारियों द्वारा स्वेच्छा से अतिक्रमित भूमि को खाली नहीं किया जाता है तो उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी साथ ही अतिक्रमण हटाने के एवज में उनसे खर्च भी वसूला जाएगा।





