पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिले के विभिन्न प्रखंडों में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का धंधा फल फूल रहा है,जिसमें नदियों से बालू उठाकर बेचने वाले लोग मालामाल हो रहे हैं।गुरुवार को चतरा जिला खनन विभाग ने अवैध बालू परिवहन के विरूद्ध छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान कठौतिया के पास से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त ट्रैक्टर सदर थाना को सौंप दिया गया।अभियान का नेतृत्व खनन निरीक्षक राजेश हांसदा ने किया।अभियान में सदर पुलिस बल के जवान शामिल थे।
खनन निरीक्षक राजेश हांसदा ने बताया कि वाहन मालिक व चालक की पहचान की जा रही हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया जायेगा। राजेश हांसदा ने बताया कि अवैध बालू खनन व परिवहन के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।
मालूम हो कि जिले के विभिन्न नदियों से और बालू घाटों से अवैध ढंग से बालू का उठाव किया जा रहा है और उसे ऊंचे मूल्य पर बेचकर अवैध बालू का कारोबार करने वाले लोग मालामाल हो रहे हैं। जिला खनन विभाग यदि सही ढंग से कार्रवाई करें तो जिले के प्रत्येक प्रखंड में अवैध बालू का कारोबार नियंत्रित किया जा सकता है।





