झारखंड।जामताड़ा-मिहिजाम नेशनल हाईवे-419 पर बोदमा पोल फैक्ट्री के पास बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर पश्चिम बंगाल के गल्ला व्यवसायी से लगभग 12 लाख रुपए लूट लिये।लूट की घटना गुरुवार की दोपहर पश्चिम बंगाल के बराकर निवासी सह व्यवसायी नितेश सुभाष सरिया के साथ हुई है। बदमाशों ने दशहत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।





मिली जानकारी के‌ अनुसार व्यवसायी जामताड़ा से रुपए कलेक्ट कर सफेद रंग की कार (JH 10BP 2727) से बराकर लौट रहा था। कार में चालक के अलावा चार लोग सवार थे।इस बीच मिहिजाम थाना क्षेत्र के बोदमा पोल फैक्टी के पास पीछे से एक स्कार्पियो और दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने व्यवसायी की कार को रोका।कार रुकते ही बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी की कार का शीशा खोलने को कहा,लेकिन व्यवसायी ने कार का शीशा नहीं खोला। इसके बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग करते हुए पिस्टल से कार का शीशा तोड़ दिया और जबरन व्यवसायी से रुपए से भरा बैग छिनकर जामताड़ा की ओर भाग गये।लूट की घटना को अंजाम देने में छह बदमाश शामिल थे।सभी अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था।





घटना के बाद व्यवसायी ने इसकी जानकारी तत्काल जामताड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल को दी।उन्होंने तत्काल एसपी समेत पुलिस के सीनियर अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।सूचना मिलने पर मौके पर एसडीपीओ जामताड़ा आनंद ज्योति मिंज, पुलिस निरीक्षक सुनील चौधरी, मिहिजाम थाना प्रभारी अरविंद सिंह, जामताड़ा थाना प्रभारी अब्दुल रहमान पुलिस बल के साथ पहुंचे।पुलिस व्यवसायी से घटना बारे में पूछताछ कर पड़ताल में जुटी हुई है।





गल्ला व्यवसाई ने बताया कि जब वह जामताड़ा से चले तो एक स्कॉर्पियो तथा दो बाइक से उनके पीछे लोग आ रहे थे। उन्हें लगा कि कोई अन्य यात्री जा रहा होगा,लेकिन जैसे ही वह पोल फैक्ट्री के पास पहुंचे स्कॉर्पियो ओवरटेक कर आगे आकर रोड पर खड़ा हो गया और तभी पीछे से आए बाइक सवार ने गाड़ी के सामने रुक कर घटना को अंजाम दिया।





आपको बता दें कि बराकर निवासी नितेश सुभाष सुवासरिया गल्ला के बड़े व्यवसायी हैं। नितेश अपने व्यवसाय के लिए माल का आर्डर लेने पर पुराना बकाया वसूली के लिए बराबर जामताड़ा और मिहिजाम आते हैं।संभावना जतायी जा रही है कि बदमाशों को व्यवसायी नितेश के बारे में पूरी जानकारी थी।जामताड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने लूट की घटना को दुखद बताया। संजय अग्रवाल ने कहा कि यह घटना जामताड़ा पर कलंक है।आये दिन राज्य में व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं हो रही है।सूचना मिलने पर पुलिस के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को इससे अवगत कराया।उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ने की मांग की है।





इस संबंध में एसडीपीओ आंनद ज्योति मिंज ने कहा कि जामताड़ा-मिहिजाम रोड में बोदमा के पास एक व्यवसायी से करीब 12 लाख रुपये की लूट हुई है। अपराधियों की ओर से दहशत फैलाने की मंशा से हवाई फायरिंग की गयी है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।