प्रतिनिधि,चतरा। उपायुक्त अबु इमरान की अगुवाई में जिला प्रशासन द्वारा देश के उत्कृष्ट इंजीनियरिंग,मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के साथ साथ सिविल सर्विस के तैयारी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इंटीग्रेटेड कोचिंग प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इस कोचिंग में जिले के युवा छात्र छात्राओं को निःशुल्क विशेषज्ञों की देखरेख में तैयारी करायी जाती है,जिसके सुखद परिणाम अब नजर आने लगे हैं।इसी क्रम में मंगलवार को चतरा कॉलेज चतरा के छात्र विशाल कुमार व रामनारायण प्लस 2 हाईस्कूल हंटरगंज के छात्र अनिरुद्ध कुमार ने जेईई (ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम) मेंस 2023 परीक्षा क्वालिफाई किया है। दोनो छात्र हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले है। जहां विशाल कुमार पाण्डेयपुरा के रहने वाले हैं। वहीं केदली कूर्द के अनिरुद्ध कुमार दोनो ही जिला प्रशासन चतरा द्वारा संचालित इंटीग्रेटेड कोचिंग प्रोग्राम में सत्र 2023 -24 के छात्र हैं। दोनों जेईई मेंस परीक्षा में उतीर्ण होकर अब जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होने हेतु चयनित हुए है।जिला प्रशासन इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।