जुगसलाई में डॉन अखिलेश सिंह गिरोह के सदस्य ने चाय दुकानदार से 4000 लूटकर मुंह पर फेंका गर्म चाय
कन्हैया गैंग ने रविवार की देर रात्रि बागबेड़ा में भी मचाया उत्पात, मामला दर्ज
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। नए साल के पहले दिन ही डॉन अखिलेश सिंह गिरोह के सदस्य कन्हैया सिंह ने जुगसलाई थाना क्षेत्र में फायरिंग करने के साथ-साथ बागबेड़ा थाना क्षेत्र में भी उसने अपने गुर्गों के साथ चाय ठेला वाले वीरेंद्र प्रसाद से 4000 रुपए लूटपाट कर विरोध करने पर उसके मुंह पर गर्म चाय फेंक दिया। वहीं घटना के बाद मामला बागबेड़ा थाने तक पहुंचा। जिसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले में चाय दुकानदार वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि रविवार की रात्रि कन्हैया सिंह और बलवीर उनके चाय के ठेले पर पहुंचे। जहां दोनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान घटना का विरोध करने पर उनके मुंह पर गरम-गरम चाय फेंक दिया। साथ ही उनका ठेला भी पलट दिया। वहीं पूरा मामला बागबेड़ा और जुगसलाई थाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





