देवघर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व विख्यात श्रावणी मेले से ठीक पहले बाबानगरी आने वाले हैं। पीएम मोदी के देवघर आने को लेकर तारीख और समय भी निर्धारित हो चुकी है‌।अब पीएमओ की हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है।अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी जुलाई माह के दूसरे सप्ताह में अपने एक दिवसीय देवघर दौरे पर आने वाले हैं।





अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी देवघर में द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे और बाबा पर जलाभिषेक के बाद देवघर कॉलेज मैदान में आम जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर अलग-अलग स्तर पर तैयारियां शुरू हो गयी हैं।पीएम मोदी को देवघर बुलाने में अहम भूमिका अदा कर रहे भाजपा सांसद निशिकांत दुबे लगातार उनके कार्यक्रम को लेकर रूप-रेखा तैयार करने में जुटे हैं।





अपने एक दिवसीय देवघर दौरे के क्रम में गोड्डा भाजपा सांसद डाॅ. निशिकांत दुबे ने पीएम मोदी के संभावित कार्यक्रम को लेकर देवघर कॉलेज मैदान का भी जायजा लिया। अगर पीएम मोदी का कार्यक्रम बाबानगरी में जलाभिषेक के लिए बनता है तो आठ वर्षों में यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री के रूप में मोदी बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करने के लिए यहां पहुंचेंगे। वो भी विश्व विख्यात श्रावणी मेले के उद्घाटन से ठीक पहले।





वैसे कार्यवाहक पीएम के रूप में वर्ष-2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी निशिकांत दुबे के चुनाव प्रचार के लिए मोदी देवघर आए थे। उन्होंने देवघर एयरपोर्ट मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए निशिकांत दुबे के लिए वोट मांगे थे। बताया यह जा रहा है कि पीएम मोदी अपने देवघर दौरे के क्रम में देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी कर सकते हैं और साथ ही रेलवे की बड़ी परियोजनाओं के अलावा झारखंड के लिए कई बड़े सौगात भी दे सकते हैं। पीएम मोदी के देवघर दौरे को लेकर आमजनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।