रांची।राज्यसभा चुनाव के लिए सत्ता पक्ष की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सोमवार को प्रत्याशी ने घोषणा कर दी है। झामुमो ने डॉ महुआ माजी को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है वहीं इस घोषणा के साथ ही सत्ता पक्ष के घटक दल कांग्रेस खेमे में नाराजगी देखी जा रही है।झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडये मंगलवार को रांची पहुंच रहे हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चर्चा करेंगे।
झामुमो के प्रत्याशी देने पर कांग्रेस नेताओं ने जतायी नाराजगी
राज्यसभा चुनाव में झारखंड से झामुमो के प्रत्याशी घोषित होने के साथ ही कांग्रेस के नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है।झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही गठबंधन से सर्वसम्मति से प्रत्याशी देने संबंधी रूप स्पष्ट किया है। इस मामले में सीएम सोरेन से भी चर्चा हुई।इसके बावजूद सोमवार को झामुमो ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी।उन्होंने कहा कि ऐसा करने से गलत संदेश जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सीएम हेमंत सोरेन से करेंगे चर्चा
पांडेय ने कहा कि कांग्रेस इस फैसले से स्वाभाविक रूप से नाराज है क्योंकि हमें एक चर्चा और विश्वास की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को रांची पहुंचे रहे हैं।इस मुद्दे पर पार्टी के विधायक, नेता और कार्यकर्ताओं की शिकायत सुनेंगे। वहीं सीएम सोरेन ने इस मसले पर चर्चा करने की भी कोशिश होगी।
झामुमो के स्टैंड पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व सीएम के साथ हुई बात और झामुमो के फैसले में विरोधाभास है।कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ठाकुर ने कहा कि झामुमो ने जो भी फैसला लिया है, निश्चित रूप से सोच समझ कर लिया होगा। यह झामुमो का फैसला है, इस पर हम बहुत कुछ नहीं कह सकते हैं।जहां तक कांग्रेस की बात है, तो इस फैसले से कांग्रेस के आलाकमान को अवगत कराया गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय मंगलवार को झारखंड आ रहे हैं।इसके बाद चर्चा कर हम बताने की स्थिति में होंगे कि पार्टी का क्या स्टैंड होगा। गठबंधन के सवाल पर ठाकुर ने कहा कि कोई भी गठबंधन होता है, तो इसमें चर्चा होती है और इसके बाद निर्णय लिया जाता है।हम समझते हैं कि दिल्ली में जो बात हुई होगी और आज का जो निर्णय है, दोनों में विरोधाभास है।
झामुमो का पलटवार
वहीं, राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी देने पर कांग्रेस नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के मामले को झामुमाे ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि गठबंधन में अपनी बात रखनी चाहिए। झामुमाे के केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य ने कहा कि झारखंड में गठबंधन की सरकार है।गठबंधन के तहत ही झामुमो ने राज्यसभा में अपना प्रत्याशी उतारा है। पार्टी की ओर से पहले ही अपनी बात रख दी गयी थी। इसको लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं एवं सीएम सोरेन के साथ बातचीत हुई है। उन्होंने कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सभी से मिलते हैं,सबकी बात सुनते हैं। ऐसे में बेहतर होगा कि गठबंधन में शामिल दल के नेता मिल कर अपनी बातें रखें।
सीएम हेमंत सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी के नाम की घोषणा की
बता दें कि झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष महुआ माजी को झामुमो ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की सहमति से राज्यसभा प्रत्याशी तय किया गया है।दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर उनको भी इसकी जानकारी दी गयी है।





