रांची।झारखंड में इन दिनों मौसम के मिजाज में बदलाव दिखाई दे रहा है।बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।राज्य के कई जिलों में 10 मई तक बारिश के आसार है।बुधवार दोपहार बाद राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश हुई। बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया है।
बुधवार को तेज हवा के साथ राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई है।राजधानी रांची मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान किया है कि 10 मई तक बारिश हो सकती है।बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।बुधवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज जिले के अलावा दक्षिणी भाग पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिला और राज्य के भाग रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।वहीं राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इन जिलों में होगी बारिश
राजधानी रांची के मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जताया कि पांच और छह मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी तथा मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।वहीं 7 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी तथा दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं- कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।इसके अलावा 8 मई को राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग के अलावा उत्तर-पूर्वी एवं निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। 9 और 10 मई को राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।
इन जिलों में तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना
राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी तथा मध्य भागों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा हवा चलने की संभावना है।बारिश होने से राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।पिछले तीन-चार दिनों में अधिकतम जगहों पर तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गयी है।
गुमला के पालकोट में हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ जगहों पर गर्जन और वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।इस दौरान राजधानी रांची और हजारीबाग जिले के कुछ स्थानो पर ओलावृष्टि भी हुई।सबसे अधिक बारिश 18.4 मिलीमीटर गुमला के पालकोट में दर्ज की गयी।इस दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया है।





