प्रतिनिधि,गिरिडीह। झारखंड के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा अपनी धर्मपत्नी के साथ शनिवार को रांची से देवघर पूजा करने जाने के क्रम में कुछ देर के लिए परिसदन भवन में रुके। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के जज जेके महेश्वरी भी उनके साथ थे।
परिसदन भवन पहुंचने पर चीफ जस्टिस का स्वागत व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश समेत उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी अमित रेनू, एसडीएम विशाल दीप खलको,एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों द्वारा बुके देकर किया गया,जिसके बाद जवानों द्वारा उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट के जज ने जिले में कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ थोड़ी देर तक बैठक की,जिसके बाद चीफ जस्टिस उनकी पत्नी और सुप्रीम कोर्ट जज देवघर के लिए प्रस्थान कर गए।
इसके पूर्व झारखंड के चीफ जस्टिस के आने की सूचना को लेकर नगर थाना प्रभारी मुफस्सिल,थाना प्रभारी यातायात द्वारा सड़क मार्ग को खाली करा दिया गया था। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौक चौराहा पर जवानों की तैनाती कर दी गई थी। परिसदन भवन मार्ग में बड़े वाहनों के आवाजाही पर थोड़ी देर के लिए रोक लगा दी गई थी।





