रांची। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में फेंगल चक्रवातीय तूफान से शनिवार सुबह धुंध और हल्के बादल छाए रहे।रांची में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहेंगे।इस बीच अब दोपहर में भी लोगों को ठंड सताएगी।





कोल्हान में बूंदाबांदी की भी भविष्यवाणी





मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन में पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम,सरायकेला,सिमडेगा में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।तूफान का प्रभाव पूरे राज्य में तीन दिसंबर तक रह सकता है। इस बीच कोल्हान में हल्के बादल छाने के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होगी।रात के न्यूनतम पारे में वृद्धि और अधिकतम पारे में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है।रांची का अधिकतम पारा 23.4 और न्यूनतम 12.6 डिग्री रहा। रांची में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम पारा करीब 3 डिग्री गिरा है।





हवा का बहाव झारखंड में





मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने तूफान के तमिलनाडु के उत्तरी तट महाबलीपुरम और कराईकल तट को पार करने के संकेत हैं। तट से टकराने के बाद भी अगले तीन दिन तक इसका असर रहेगा।ऐसे में तूफान के बाहरी भाग में बने बादल दक्षिणी हवा के साथ झारखंड में प्रवेश कर रहे हैं। इससे राज्य में भी हल्के बादलों के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की आशंका है।





फेंगल के चलते बदल गया हवा का रुख





रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने फेंगल तूफान के कारण हवा का रुख बदल गया है। दक्षिण से आ रही हवा के चलते राज्य में बादल छाए हुए हैं। वहीं पश्चिमी सिंहभूम के जगरनाथपुर में बारिश भी हुई। तूफान के चलते अगले 3 दिन तक राज्य में हल्के बादल छाए रहेंगे। इसके बाद ठंड बढ़ेगी।