रांची।केरल में रविवार को दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की आमद हो गयी।ये आमद सामान्य तारीख से एक जून से तीन दिन पहले हुई है।केरल की हालत को देखते हुए झारखंड में मानसून की आमद 12 से 15 जून के बीच हो सकती है।राजधानी रांची में मानसून की आमद 15 जून को होगी।राज्य में पिछले साल मानसून 12 जून को और वर्ष 2020 में 13 जून को पहुंचा था। 2021 में मानसून की वापसी 11 अक्टूबर को हुई थी।





मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 12 जून है। केरल में मानसून के पहुंचने के दस से 12 दिन के बाद इसका प्रवेश राज्य में होता रहा है। उन्होंने बताया कि मध्य अरब सागर के कुछ हिस्से समेत दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थिति अनुकूल है। अगले तीन से चार दिन में बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर के राज्य में मानसून आगे बढ़ेगा।





राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कायम लोकल सिस्टम की वजह से कई इलाके में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। रांची, लातेहार, मेदिनीनगर, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गोड्डा, बोकारो, गुमला, रामगढ़ समेत कई अन्य स्थान पर बदल गरजे, वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम पूर्वानुमान में सोमवार को उत्तर पूर्वी भाग में कुछ जगहों पर बादल गरज और वज्रपात के साथ आंधी चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।